टिहरी , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के विकासखंड थौलधार अंतर्गत ग्राम पंचायत नकोट, पट्टी जुवा के बगदीरीखाल तोक में भालू द्वारा तीन लोगों पर किए गए जानलेवा हमले के मामले में जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
बुधवार को जिला मजिस्ट्रेट नितिका खण्डेलवाल ने घटना को गंभीरता से लेते हुए परगना मजिस्ट्रेट टिहरी को जांच अधिकारी नामित किया है।
जिला मजिस्ट्रेट ने निर्देशित किया है कि घटना की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कर स्पष्ट आख्या प्रस्तुत की जाए, ताकि पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
इसी कड़ी में परगना मजिस्ट्रेट टिहरी ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी या साक्ष्य उपलब्ध हों, तो वह 14 अप्रैल तक उनके कार्यालय में कार्य दिवसों के दौरान उपस्थित होकर अपने लिखित अथवा मौखिक साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित जानकारी डाक के माध्यम से भी कार्यालय को भेजी जा सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जांच प्रक्रिया में सहयोग करें, जिससे घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित