नयी दिल्ली , दिसंबर 05 -- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि भारत के आर्थिक पैमाने और साझेदारी की क्षमताओं में पिछले कुछ वर्षों के दौरान काफी बदलाव आया है, लेकिन दोनों देशों के बीच मित्रता और साझा हितों की नींव में कोई बदलाव नहीं आया है।
श्री पुतिन ने भारत में रूस के सरकारी टेलीविजन नेटवर्क आरटी इंडिया का शुभारंभ करते उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "भारत की अर्थव्यवस्था बदल गई है। एक साझेदार के रूप में भारत की क्षमताएं बदल गई हैं। लेकिन एक चीज अभी भी बाकी है: मित्रता और आपसी सहयोग के विकास में दोनों देशों की रुचि।"रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि आरटी सूचना का ऐसा स्रोत है, जो पूरी तरह से स्वच्छ है और जिसका लक्ष्य अपने दर्शकों की जरूरतों को पूरा करना है। रशिया टुडे का लक्ष्य रूसी मूल्यों, संस्कृति, घरेलू और विदेशी मामलों में रूस के रुख का प्रचार करना नहीं है, बल्कि रूस और विश्व के बारे में "सच्ची जानकारी" प्रदान करना है।
आरटी की प्रधान संपादक मार्गारीटा सिमोनियन के कुछ देशों में चैनल को बंद किए जाने के बारे में की गई टिप्पणी का उल्लेख करते हुए श्री पुतिन ने कहा कि ऐसी कार्रवाई तकनीकी या नियामक कारणों से नहीं, बल्कि सच्चाई के सामने आने के डर से की जाती है।
रूस के राष्ट्रपति ने कहा, "रूस टुडे अपने दर्शकों को हमारे देश और दुनिया में हो रही घटनाओं के बारे में सच्ची जानकारी देने का प्रयास करता है और यही रूस टुडे की सबसे खास बात है।" श्री पुतिन ने उपस्थित लोगों को दिवंगत अभिनेता राज कपूर के साथ रूस के संबंधों की भी याद दिलाई।
उन्होंने मज़ाकिया लहजे में कहा, "राज कपूर के जमाने के बाद से काफी समय बीत चुका है। भारत नाटकीय रूप से बदल गया है। लेकिन तब व्लादिमीर वायसोस्की के राज कपूर के बारे में लिखे गए गीत के बोल मुझे अभी याद आ गए। लेकिन कुछ और भी शब्द हैं। उन्होंने कहा था कि पहले योगी एक साल तक उपवास करते थे... अब वे सब कुछ खाते-पीते हैं।"इससे पहले, आरटी इंडिया की प्रधान संपादक मार्गारीटा सिमोनियन ने कहा कि हालांकि चैनल को कई देशों में प्रतिबंध का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें पूर्ण प्रतिबंध और दर्शकों पर प्रतिकूल कानूनी प्रभाव शामिल हैं, लेकिन भारत ने आरटी के प्रति केवल सद्भावना दिखाई और देश में इसकी मौजूदगी का स्वागत किया है।
चैनल की भारत शाखा के हैंडल पर लॉन्च के समय नारा दिया गया है, "एक पुराने मित्र की नई आवाज" और "हमारे देशों के बीच बातचीत दशकों से चल रही है। हमने बस इसकी आवाज बढ़ा दी है।" इस चैनल की टैगलाइन है: "पश्चिम विरोधी नहीं... बस पश्चिमी नहीं।"2005 में अपने मॉस्को स्थित प्रभाग के साथ पहली बार लॉन्च हुए आरटी का जन्म वैश्विक मंच पर रूसी सरकार की छवि बदलने की कोशिश में हुआ था। यह चैनल दिल्ली में स्थित होगा और इसमें एक पूर्णतः कार्यशील प्रसारण न्यूज़रूम और निर्माताओं व पत्रकारों की पूरी टीम होगी।
आरटी-इंडिया भारत में अंग्रेजी भाषा के चार दैनिक समाचार बुलेटिन प्रसारित करेगा। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य भारत-रूस संबंधों को और गहरा करना है और साथ ही तेज़ी से बहुध्रुवीय होते विश्व में दोनों देशों की बढ़ती उपस्थिति को दर्शाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित