चेन्नई , फरवरी 05 -- सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी भारत के छह दिवसीय राजकीय दौरे पर गुरुवार को चेन्नई पहुंचे। डॉ. पैट्रिक ऐसे समय में भारत पहुंचे है, जब दोनों देश अपने बहुआयामी राजनयिक संबंधों के 50 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "भारत-सेशेल्स के लंबे समय से चले आ रहे और बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों के 50 साल पूरे होने पर सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी का भारत के पहले राजकीय दौरे पर चेन्नई पहुंचने पर हार्दिक स्वागत है। उनके प्रवास के दौरान, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, विकास साझेदारी और लोगों के बीच आदान-प्रदान में सहयोग पर चर्चा होने की उम्मीद है।"विदेश मंत्रालय के अनुसार डॉ. पैट्रिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ आपसी हित के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत करेंगे। दोनों देश एक स्थिर और सुरक्षित समुद्री माहौल सुनिश्चित करने में मज़बूत साझेदारी रखते हैं, जो भारत के विज़न महासागर और वैश्विक दक्षिण के प्रति उसकी व्यापक प्रतिबद्धता के अनुरूप है। पिछले अक्टूबर में पद संभालने के बाद डॉ. पैट्रिक यह भारत की पहली यात्रा है। उनके साथ सेशेल्स की प्रथम महिला लेडी वेरोनिक हर्मिनी भी भारत आई हैं। छह फरवरी को राष्ट्रपति पैट्रिक चेन्नई में तमिलनाडु के राज्यपाल से मिलेंगे। वह सात फरवरी को महाराष्ट्र के राज्यपाल से मिलने के लिए मुंबई जाएंगे। राष्ट्रपति और सेशेल्स की प्रथम महिला आठ फरवरी को नयी दिल्ली पहुंचेंगे।
डॉ. पैट्रिक के आधिकारिक कार्यक्रम की शुरुआत नौ फरवरी को विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ बैठक से होगी।वह राष्ट्रपति महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए राजघाट जाएंगे। नौ फरवरी को ही डॉ. पैट्रिक हैदराबाद हाउस में श्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे, जिसके बाद संयुक्त रुप से बयान जारी किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित