देहरादून , दिसम्बर 24 -- भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या परउत्तराखंड के देहरादून स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में बुधवार को भव्य दीपोत्सव हुआ।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेशाध्यक्ष, सांसद महेंद्र भट्ट एवं महामंत्री, संगठन, अजेय कुमार की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने अपने संस्थापक संरक्षक और राष्ट्र विचारक अटल जी को दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान श्री धामी ने स्वर्गीय अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी स्मृति में दीप प्रज्जवलित किया। उन्होंने उनकी सरकार के कार्यकाल को मजबूत राष्ट्र निर्माण की दिशा निर्धारित करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि सुशासन के साथ विकास का जो मूल मंत्र उन्होंने (अटल जी ने) स्थापित किया, वह भाजपा की सभी सरकारों के लिए मार्गदर्शन और दिशा निर्देशिका का काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार भी उनकी नीतियों का अनुसरण करते हुए विकसित भारत निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। संगठन के लिए उनका सम्पूर्ण जीवन कालखंड, वैचारिक एवं सैद्धांतिक एनसाइक्लोपीडिया की तरह है। उनका व्यक्तिगत जीवन, पार्टी के लिए श्रेष्ठ कार्यकर्ता और जागरूक नागरिक निर्माण का प्रेरणादायक मानदंड है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित