भोपाल/सागर , अप्रैल 11 -- मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर ने संघर्ष, परिश्रम, दूरदृष्टि, सादगी को जीवन में अंगीकार कर देश को आगे बढ़ाने का कार्य किया है।
श्री तोमर ने सागर में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में कहा कि भारत रत्न श्री कर्पूरी ठाकुर जी के चरणों में अपनी ओर से श्रद्धा व्यक्त करता हूं और उनके चरणों में नमन करता हूं। इस अवसर के हम साक्षी बन पा रहे हैं, इसके लिए रघु ठाकुर जी को हृदय से बहुत धन्यवाद देना चाहता हूं। रघु ठाकुर जी मौलिक विचारक हैं, राजनीतिक क्षेत्र में लंबे समय से काम कर रहे हैं, लेकिन राजनीतिक मूल्यों के प्रति उनका समर्पण रहा। इस कारण राजनीति में पदों की दौड़ में वह बिछड़ते हुए दिखाई देते होंगे, लेकिन सम्मान की दृष्टि से रघु ठाकुर की तुलना किसी और से नहीं की जा सकती। ऐसे रघु भाई हमारे परम मित्र हैं।
उन्होंने मुझे आग्रह किया था कि इस अवसर पर मैं उपस्थित रहूं, तो कर्पूरी ठाकुर जी का विषय था। मैंने बहुत उनसे चर्चा भी नहीं की, लेकिन उन्होंने कहा तो मैंने हां कर दिया था और इस परिप्रेक्ष्य में मैं आज यहां उपस्थित हुआ हूं और उपस्थित होकर निश्चित रूप से मैं बहुत ही अपने आप को गौरव का अनुभव कर रहा हूं।
श्री राजभूषण उनके क्षेत्र की यात्रा के साक्षी रहे और उन्होंने बहुत ही प्रेरणादायक विषय हम सब लोगों के सामने रखा है। मैं समझता हूं ऐसे अवसर न सिर्फ भाषण के लिए होते हैं, न सिर्फ प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के लिए होते हैं, ऐसे अवसर प्रेरणा लेने के लिए होते हैं। इस अवसर से हम प्रेरणा लें, कर्पूरी जी के व्यक्तित्व को, कृतित्व को, उनकी साधना को, उनके संघर्ष को, उनके समर्पण को, उनकी संवेदनशीलता को, उनकी दूरदृष्टि को अपने जीवन में अगर हम अंगीकार करें तो अपने जीवन को भी सार्थक बना सकते हैं और देश के कल्याण के लिए भी निश्चित रूप से कुछ करने में योगदान देने में हमारी भूमिका हो सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित