नयी दिल्ली , दिसंबर 4 -- भारतीय वायु सेना और फ्रांस की वायु एवं अंतरिक्ष सेना के बीच 12 दिनों का आठवां द्विपक्षीय युद्धाभ्यास - गरुड़ 25 फ्रांस में 27 नवंबर को सम्पन्न हुआ।
भारत के रक्षा मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इसका आयोजन फ्रांस के मोंट-डी-मार्सन स्थित वायु सैनिक अड्डे- 118 पर किया गया था। इस अभ्यास में भाग लेने गया भारतीय वायु सेना का दल अपने साजो सामान और के साथ मंगलवार को भारत लौट आया।
इस अभ्यास में भारतीय वायुसेना ने सुखोई-30एमकेआई लड़ाकू विमानों के साथ हिस्सा लिया, जिन्हें आईएल-78 एयर-टू-एयर रिफ़्यूलिंग एयरक्राफ़्ट और सी-17 ग्लोबमास्टर परिवाहन विमान का साथ था।
दोनों वायु सेनाओं ने एक वास्तविक लड़ाई के माहौल में कई कठिन अभियानों में भाग लिया। इस दौरान दोनों ने संयुक्त अभियान की योजना बनाने, हमला करने और सुरक्षा करने के मिशन को समन्वित तरीके से पूरा करने का प्रशिक्षण और एक-दूसरे के क्रियाकलापों का परिचय प्राप्त किया ताकि एक दूसरे के साथ मिल कर परिचालन क्षमता बढायी जा सके।
बयान में कहा गया है कि भारतीय वायु सेना की रख रखाव टीम ने पूरे समय पूरी तत्परता से सर्विसिंग का कार्य सुनिश्चित किया। अभ्यास के समापन समारोह में दौरान दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने अभ्यास में भाग लेने वाले दोनों पक्षों के वायुसेना कर्मियों से बातचीत की और दोनों हिस्सा लेने वाली सेनाओं के पेशेवरअंदाज, अनुशासन और प्रतिबद्धता की तारीफ़ की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित