लखनऊ , नवम्बर 10 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि भारत पर्व में उत्तर प्रदेश का सांस्कृतिक दल न केवल अपनी लोकसंस्कृति और कलात्मक समृद्धि का प्रदर्शन करेगा, बल्कि "एक भारत, श्रेष्ठ भारत" की भावना को सशक्त रूप में देश के समक्ष प्रस्तुत करेगा। साथ ही उत्तर प्रदेश की लोकसंस्कृति, परंपराओं, लोकनृत्य और लोकसंगीत की समृद्ध धरोहर का प्रदर्शन भारत पर्व 2025 में किया जाएगा।
सोमवार को संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश के विभिन्न अंचलों से चयनित कलाकारों एवं विभागीय अधिकारियों का दल लखनऊ से केवड़िया (गुजरात) के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दल को शुभकामनाओं सहित रवाना किया।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि "भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश की भागीदारी हमारे राज्य की सांस्कृतिक विविधता, लोकजीवन और कलात्मक गौरव को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर है। उन्नत संस्कृति ही समग्र विकास का आधार है, और इस दिशा में यह पहल 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को सशक्त बनाएगी।"उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज सांस्कृतिक पुनर्जागरण के स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री की दृष्टि रही है कि उत्तर प्रदेश की लोककला, संगीत, नृत्य और परंपराएँ केवल प्रदेश की सीमाओं तक सीमित न रहकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएँ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित