नयी दिल्ली , अप्रैल 10 -- अमेरिका और ईरान के संघर्षविराम के बीच लेबनान पर इजरायल के हमलों में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने पर भारत ने चिंता व्यक्त करते हुए अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के पालन तथा देशों की संप्रभुता के सम्मान पर बल दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में इस संबंध में कहा ," हम लेबनान में बड़ी संख्या में नागरिक हताहतों की खबरों से गहराई से चिंतित हैं। संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (यूएनआईएफआईएल) में सैन्य योगदान देने वाले देश के रूप में भारत का मानना है कि घटनाओं की यह दिशा अत्यंत चिंताजनक है।"उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करना तथा राज्यों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना अत्यावश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित