रांची , अक्टूबर 26 -- भारत ने चौथी दक्षिण एशियाई सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 के दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सात स्वर्ण, आठ रजत और चार कांस्य पदक अपने नाम किए। इस के साथ चैंपियनशिप में भारत के पदकों की संख्या 32 हो गई है और पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है।

चैंपियनशिप के दूसरे दिन शनिवार को महिला 100 मीटर बाधा दौड़ (हर्डल्स) में भारत की नंधिनी के ने 13.56 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण, मौमिता मंडल (भारत) ने रजत और विजेवेरा विथा (श्रीलंका) ने कांस्य पदक जीता।

पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ में भारत के मानव आर ने 13.78 सेकंड में स्वर्ण, श्रीलंका के रनतुंगे रोशन ने रजत और भारत के कृषिक एम ने कांस्य पदक हासिल किया।

महिला 1500 मीटर फाइनल में भारत की संजना सिंह ने 4:25.36 मिनट में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता । यह उनका इस चैम्पियनशिप का दूसरा स्वर्ण है। श्रीलंका की डब्ल्यू.के.एल. अरच्च निमाली ने रजत और भारत की काजल कंवडे ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

पुरुष 1500 मीटर फाइनल में भारत के अर्जुन वास्कले ने 3:54.58 मिनट में स्वर्ण पदक जीता। श्रीलंका के गल्लागे रुसीरु चाथ और रोजिदीन मोहामथु ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए।

महिला 400 मीटर फाइनल में भारत की नीरू पाठक ने 53.15 सेकंड समय के साथ स्वर्ण पदक, जबकि साथी खिलाड़ी ओलिंबा स्टेफी ने रजत और श्रीलंका की मेंडिस बलापुवा सयु ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

महिला डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) में भारत ने दबदबा बनाए रखा। सीमा ने 55.14 मीटर की दूरी फेंककर स्वर्ण जीता, निधि ने रजत और श्रीलंका की असगीरिये गेदारा विनोद ने कांस्य जीता।

पुरुष डिस्कस थ्रो में भारत के किरपाल सिंह ने 56.22 मीटर की सर्वश्रेष्ठ दूरी फेंककर स्वर्ण पदक जीता। निर्भय सिंह (भारत) ने रजत और डब्ल्यू.डी.एम. मिलंत संपत (श्रीलंका) ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

पुरुष ऊंची कूद में श्रीलंका के ए. समरवीरा ने 2.17 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण, भारत के रोहित (2.15 मीटर) ने रजत और आदर्श राम (2.09 मीटर) ने कांस्य पदक जीता। पुरुष 400 मीटर फाइनल में श्रीलंका के हेवा कुमारगे कालिन ने 46.21 सेकंड में स्वर्ण, भारत के मोहम्मद अशफाक ने रजत और श्रीलंका के कुरुविटगे काल्हारा ने कांस्य पदक जीता।

पुरुषों की 4 गुणा 100 मीटर रिले में श्रीलंका की टीम ने 39.99 सेकंड का नया मीट रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीता। भारत (40.65 सेकंड) ने रजत और बंगलादेश (40.94 सेकंड) समय के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित