नयी दिल्ली , जनवरी 14 -- भारत ने चीन के साथ द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के लिए लोगों के बीच परस्पर समझ बढाने और अनुकूल माहौल बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने की जरूरत पर बल दिया है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने तीन दिन की भारत यात्रा पर आईं चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अंतरराष्ट्रीय विभाग (आईडीसीपीसी) की उप मंत्री सुश्री सुन हाइयान से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर करने की दिशा में प्रगति की समीक्षा की जिसमें व्यापार और जन-केंद्रित संपर्कों को प्राथमिकता दी गई, तथा नए वर्ष में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई।
विदेश सचिव ने दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी समझ बढ़ाने के महत्व को रेखांकित किया जिससे द्विपक्षीय संबंधों की बहाली में सहायता मिल सके। इस संदर्भ में उन्होंने बेहतर द्विपक्षीय संबंधों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए सकारात्मक कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।
दोनों पक्षों ने अपने-अपने नेताओं द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण निर्देशों को लागू करने तथा द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने के मार्ग पर आगे बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
सुश्री सुन हाइयान ने अपनी भारत यात्रा के अनुभवों से विदेश सचिव को अवगत कराया, जिसमें भारतीय मीडिया, थिंक टैंकों और राजनीतिक दलों के साथ उनकी बातचीत शामिल थी। उन्होंने विदेश मंत्रालय-आईडीसीपीसी कार्यक्रम के तहत आदान-प्रदान को और सुदृढ़ करने की चीन की अपेक्षाएं भी साझा कीं। चीन ने इस वर्ष भारत द्वारा ब्रिक्स की अध्यक्षता संभालने पर भारत को बधाई दी और भारत में सफल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित