नयी दिल्ली , मार्च 11 -- भारत ने कांडला बंदरगाह आ रहे थाईलैंड के मालवाहक जहाज मयूरे नारी पर होर्मुज जलडमरूमध्य में हमले की कड़ी निन्दा करते हुए कहा है कि नौवहन और व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा डालने से बचा जाना चाहिए।
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को वक्तव्य जारी कर कहा कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य में थाईलैंड के जहाज मयूरे नारी पर हमले की रिपोर्टों पर ध्यान दिया है। यह जहाज भारत के कांडला बंदरगाह की ओर जा रहा था।
मंत्रालय ने कहा कि भारत इस बात की निंदा करता है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान वाणिज्यिक नौवहन को सैन्य हमलों का निशाना बनाया जा रहा है। इस संघर्ष के पहले चरण में ऐसे कई हमलों में भारतीय नागरिकों सहित कीमती जानें जा चुकी हैं और हमलों की तीव्रता तथा घातकता बढ़ती हुई प्रतीत हो रही है।
वक्तव्य में कहा गया है कि भारत का मानना है कि वाणिज्यिक नौवहन को निशाना बनाने तथा निर्दोष नागरिक चालक दल के सदस्यों की जान को खतरे में डालने, या अन्यथा नौवहन और व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा डालने से बचा जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित