नयी दिल्ली , मार्च 05 -- भारत ने ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई के निधन पर गुरुवार को आधिकारिक तौर पर शोक जताया।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने राजधानी में ईरानी दूतावास जाकर भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहअली से बात की और वहां रखी शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ईरानी दूतावास जाकर सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैय्यद खामेनेई के निधन पर भारत के लोगों और सरकार की तरफ से शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किया।"ईरान पर इजरायल और अमेरिका की संयुक्त सैन्य कार्रवाई में 28 फरवरी को श्री खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्यों का निधन हो गया था। उल्लेखनीय है कि उनके निधन पर भारत सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित