नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- भारत ने ईरान में निरंतर बदल रही स्थिति को देखते हुए वहां रह रहे भारतीय नागरिकों (छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यवसायियों और पर्यटकों) को वाणिज्यिक उड़ानों सहित सभी उपलब्ध परिवहन साधनों के माध्यम से ईरान छोड़ने की सलाह दी है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को एक परामर्श जारी कर कहा है कि इस वर्ष पांच जनवरी को जारी परामर्श के क्रम तथा ईरान में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों (छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यवसायियों और पर्यटकों) को उपलब्ध परिवहन साधनों, जिनमें वाणिज्यिक उड़ानें भी शामिल हैं, के माध्यम से ईरान छोड़ने की सलाह दी जाती है। दूतावास ने 14 जनवरी को जारी परामर्श को दोहराते हुए कहा है कि सभी भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के व्यक्ति आवश्यक सावधानी बरतें, विरोध प्रदर्शनों या धरनों वाले क्षेत्रों से दूर रहें, ईरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें तथा किसी भी नए घटनाक्रम के लिए स्थानीय मीडिया पर नजर बनाए रखें।
परामर्श में कहा गया है कि ईरान में सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने यात्रा और आव्रजन दस्तावेज, जिनमें पासपोर्ट और पहचान पत्र शामिल हैं, अपने पास सुरक्षित और आसानी से उपलब्ध रखें। इस संबंध में किसी भी सहायता के लिए वे भारतीय दूतावास से संपर्क करें।
परामर्श में ईरान में भारतीय दूतावास के आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर साझा किये गये हैं जो 989128109115, 989128109109, 989128109102; 989932179359 हैं।
इसके अलावा दूतावास से cons.tehran@mea.gov.in ईमेल पर भी संपर्क किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित