नयी दिल्ली , फरवरी 12 -- इशान किशन (61) और हार्दिक पंड्या (52/दो विकेट) के दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने गुरुवार को टी-20 विश्वकप के 18वें मुकाबले में नामीबिया को 93 रनों से शिकस्त दी।
210 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया के लिए लॉरेन स्टीनकैंप और यान फ्रायलिंक की जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। चौथे ओवर में अर्शदीप सिंह ने यान फ्रायलिंक को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। यान फ्रायलिंक ने 15 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 22 रन बनाये। आठवें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने लॉरेन स्टीनकैंप को बोल्ड कर नामीबिया को दूसरा झटका दिया। लॉरेन स्टीनकैंप ने 20 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 29 रनों की पारी खेली। 10वां ओवर कर रहे वरूण चक्रवर्ती ने निकोल लॉफ्टी-ईटन (13) को आउट कर अपना दूसरा शिकार किया। इसी ओवर की चौथे गेंद पर उन्होंने जेजे स्मिट (शून्य) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। 11वें ओवर में अक्षर पटेल ने कप्तान जेरार्ड इरास्मस को आउटकर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। जेरार्ड इरास्मस ने 11 गेंदों में दो छक्के लगाते हुए 18 रन बनाये। 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने मलान क्रूगर (पांच) को जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेज दिया। 17वें ओवर की चौथी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने रूबेन ट्रंपलमन को बोल्ड कर भारत को सातवीं सफलता दिलाई। 18वें ओवर में हार्दिक पंड्या ने बर्नार्ड शोल्ज (चार) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। इसी ओवर में हार्दिक ने बेन शिकोंगो को पगबाधा आउटकर अपना दूसरा विकेट लिया। 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर शिवम दुबे ने ज़ेन ग्रीन (11) आउट कर भारत को 93 रनों से जीत दिला दी।नामीबिया की टीम 18.2 ओवरा में 116 रन ही बना सकी।
भारत के लिए वरूण चक्रवर्ती ने सात रन देकर तीन विकेट झटक। हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल को दो- दो विकेट मिले। जसप्रीत बुमराह, शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित