पटना , फरवरी 19 -- भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा, समन्वय एवं आपसी सहयोग को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भारत-नेपाल जिला समन्वय समिति की बैठक नेपाल के बिराटनगर (मोरंग) में आयोजित की गई।
बैठक में सीमा से संबंधित विभिन्न सुरक्षा, प्रशासनिक एवं समन्वयात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।इस बैठक की अध्यक्षता मोरंग के मुख्य जिला अधिकारी युवराज कतेल ने की।इस बैठक में भारतीय पक्ष से सुपौल, किशनगंज और अररिया जिले के जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। वहीं नेपाल की ओर से मोरंग, झापा और सुनसरी जिलों के मुख्य जिला अधिकारी और सशस्त्र पुलिस बल एवं राष्ट्रीय जांच विभाग के सुरक्षा अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में नेपाल में प्रस्तावित संसदीय चुनाव के मद्देनजर 02 मार्च 2026 की मध्यरात्रि 12:00 बजे से 05 मार्च 2026 की मध्यरात्रि 12:00 बजे तक भारत-नेपाल सीमा को पूर्णतः सील रखने पर चर्चा हुई। दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों की रोकथाम, अवांछित तत्वों पर नियंत्रण तथा संयुक्त कार्रवाई को मजबूत करने पर बल दिया।साथ ही हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक एवं मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, मानव तस्करी, नकली मुद्रा के प्रचलन तथा अन्य सीमा पार अपराधों के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई करने पर सहमति व्यक्त की गई।
बैठक में नो-मेन्स लैंड पर अतिक्रमण की जांच, अनाधिकृत मार्गों से वाहनों की आवाजाही को विनियमित करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी, आर्थिक धोखाधड़ी एवं भ्रामक गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान पर भी सहमति बनी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित