नयी दिल्ली , नवंबर 29 -- भारत को ब्रिटेन में हुए अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) परिषद का फिर सदस्य चुना गया है।
लंदन में संगठन की शुक्रवार को 34वीं बैठक हुई जिसमें हुए चुनाव में 169 वैध मतपत्रों में से 154 मत प्राप्त कर भारत ने बी श्रेणी में सबसे अधिक वोट हासिल किए। भारत अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार के दुनिया के 10 प्रमुख देशों में शामिल हैं। दस देशों के इस विशिष्ट समूह में भारत के अलावा जर्मनी, फ्रांस, कनाडा, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, स्वीडन, नीदरलैंड और ब्राजील शामिल हैं।
पोत, पत्तन, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भारत की इस उपलब्धि को वैश्विक समुद्री क्षेत्र में भारत के बढ़ते प्रभाव का परिणाम बताया है। भारत की इस उपलब्धि को अमृत काल मैरीटाइम विजन 2047 के लिए मील का पत्थर बताया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "आईएमओ में भारत की सफलता हमारी गतिशीलता का प्रमाण है और यह हमारे राष्ट्र के लिए गर्व का क्षण है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और परिवर्तनकारी नेतृत्व के तहत, भारत को श्रेणी बी में सबसे अधिक वोट के साथ 2026-27 के कार्यकाल के लिए एक बार फिर आईएमओ परिषद में चुना गया है। वैश्विक समुदाय से यह असाधारण जनादेश एक सुरक्षित, संरक्षित, कुशल और हरित समुद्री क्षेत्र के निर्माण के लिए भारत की अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि है। "उन्होंने कहा कि परिषद के लिए भारत के दोबारा चुनाव का यह परिणाम अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में भारत की रचनात्मक भागीदारी और नीति नेतृत्व में वैश्विक समुद्री बिरादरी के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह निर्वाचन भारत के प्रति वैश्विक विश्वास का मजबूत आधार है और इसके मूल में स्थिरता, समुद्री सुरक्षा और डीकार्बोनाइजेशन की भारतीय पहल की अहम भूमिका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित