पटना , नवंबर 26 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने संविधान दिवस पर बुधवार को देश-प्रदेश के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि देश का संविधान भारत को दुनिया में श्रेष्ठ बनाता है।
श्री यादव ने आज संविधान दिवस पर संविधान निर्माताओं को नमन किया और कहा कि भारतीय संविधान में संविधान निर्माताओं का देश के प्रति समर्पण के भाव और देशप्रेम प्रदर्शित होते हैं। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था इतनी मजबूत है कि इसे कोई डिगा नहीं सकता। लोकतंत्र की यह मजबूती हमारे संविधान ने दी है।
श्री यादव ने कहा कि संविधान के हर पन्ने में राष्ट्र की आत्मा दिखाई देती है। संविधान के एक-एक पृष्ठ पर उन लाखों देशवासियों के सामूहिक ज्ञान, बलिदान और सपनों का समावेशन है, जिन्होंने स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया और अपना अंतिम समर्पण दिया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं के निस्वार्थ योगदान के कारण ही भारत आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जो बुद्धि, जीवंत अनुभव और बलिदानों से जन्मा है। उनके स्वार्थ रहित योगदान ने भारत को आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित