पटना , जनवरी 10 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत के उन वीरों की स्मृति में मनाया जा रहा है, जिन्होंने मंदिर की रक्षा के लिए बलिदान दिया और जो आने वाली पीढ़ियों की सांस्कृतिक चेतना को प्रेरित करते रहेंगे।
सोमनाथ मंदिर पर हुए आक्रमण के 1000 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अपने गौरवशाली इतिहास, आस्था और आत्मसम्मान को याद करते हुए 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-2026' के तहत एक राष्ट्रीय अभियान के तहत आज पटना स्थित खाजपुरा शिव मंदिर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया।इस मौके पर 1000 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपोत्सव कार्यक्रम श्री श्री महाशिवरात्रि महोत्सव शोभा यात्रा अभिनंदन समिति के संरक्षक और विधायक डॉ. संजीव चौरसिया के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूजा अर्चना की और दीप प्रज्वलित कर महादेव से बिहारवासियों के सुख, समृद्धि की कामना की।
श्री चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि यह पर्व भारत के उन वीरों की स्मृति में मनाया जा रहा है, जिन्होंने मंदिर की रक्षा के लिए बलिदान दिया और जो आने वाली पीढ़ियों की सांस्कृतिक चेतना को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि1000 वर्ष पूर्व बर्बर आक्रांता मुहम्मद गजनी ने पवित्र सोमनाथ मंदिर के विध्वंस का कुत्सित प्रयास किया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रखर नेतृत्व में उसी गौरवशाली इतिहास को 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के रूप में देशभर में मनाया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि इस आयोजन की परिकल्पना विनाश के स्मरण के रूप में नहीं, बल्कि सहनशीलता, विश्वास और सभ्यतागत आत्म-सम्मान को श्रद्धांजलि के रूप में की गई है। उन्होंने कहा कि सदियों से, सोमनाथ को बार-बार उन आक्रमणकारियों द्वारा निशाना बनाया गया जिनका उद्देश्य भक्ति के बजाय विनाश था। हालांकि, हर बार भक्तों के सामूहिक संकल्प के माध्यम से मंदिर का पुनर्निर्माण किया गया। पुनरुद्धार के इस अटूट चक्र ने सोमनाथ को भारत की सभ्यतागत निरंतरता का एक शक्तिशाली प्रतीक बना दिया। आज सोमनाथ आध्यात्मिक, सांस्कृतिक चिंतन और राष्ट्रीय स्मरण के केंद्र में परिवर्तित हो गया है।
उन्होंने कहा कि यह पर्व भारत के उन वीरों की स्मृति में मनाया जा रहा है, जिन्होंने मंदिर की रक्षा के लिए बलिदान दिया और जो आने वाली पीढ़ियों की सांस्कृतिक चेतना को प्रेरित करते रहेंगे।
इस मौके पर बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन महामंत्री भीखूभाई दालसनिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता और आम लोग उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित