नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- भारत और सेशेल्स ने रक्षा सहयोग सुदृढ़ करने और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति तथा स्थिरता के प्रति साझा प्रतिबद्धता की फिर से पुष्टि की है।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने मंगलवार को यहां सेशेल्स के विदेश एवं प्रवासी मामलों के मंत्री बैरी फॉर तथा रक्षा बलों के प्रमुख मेजर जनरल माइकल एंसलम मार्क रोसेट से भेंट की।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने दोनों के बीच बढ़ते रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग की समीक्षा की तथा द्विपक्षीय सहभागिता को और बढ़ाने एवं हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता तथा सुरक्षा में योगदान देने के प्रति साझा संकल्प की पुनः पुष्टि की।

दोनों पक्षों ने भारतीय रक्षा बलों और सेशेल्स के रक्षा बलों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास लामित्ये-2026 तथा क्षमता निर्माण से जुड़ी पहलों का स्वागत किया और इन गतिविधियों के दायरे एवं गहराई को और बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। प्रशिक्षण, हाइड्रोग्राफी, पोत एवं विमान यात्राओं, रक्षा प्रतिनिधिमंडल यात्राओं तथा समुद्री सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग पर भी चर्चा की गई। रक्षा सचिव ने अगले सप्ताह विशाखापत्तनम में अंतरराष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा तथा अगले अभ्यास मिलन 2026 में सेशेल्स की भागीदारी का स्वागत किया।

उन्होंने क्षेत्र में समावेशी, सहयोगात्मक और सतत सुरक्षा एवं विकास के लिए भारत की 'महासागर' पहल पर भी चर्चा की। उन्होंने साझा चुनौतियों, विशेष रूप से समुद्री क्षेत्र, क्षमता निर्माण और विकास साझेदारियों से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण के महत्व को रेखांकित किया। भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग के भविष्य के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया जिसमें प्रमुख सैन्य क्षमताओं के आधुनिकीकरण के लिए दीर्घकालिक साझेदारी के माध्यम से क्षमता निर्माण में निरंतर सहयोग पर विशेष ध्यान दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित