नयी दिल्ली , फरवरी 09 -- भारत और सेशेल्स ने स्वास्थ्य, मौसम विज्ञान और इलेक्ट्रॉनिकी तथा सूचना प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढाने के लिए छह समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर करने के अलावा एक दूसरे के साथ साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए सात घोषणाएं की हैं।
भारत ने सेशेल्स की विभिन्न जरूरतों को पूरा करने के लिए 17 करोड़ 50 लाख डालर के विशेष आर्थिक पैकेज भी घोषणा की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत यात्रा पर आये सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के बीच व्यापक वार्ता के बाद सोमवार को यहां इन समझौतों पर हस्ताक्षर किये गये।
भारत ने सेशेल्स की विकास जरूरतों विशेष रूप से सार्वजनिक आवास, गतिशीलता, अवसंरचना, क्षमता निर्माण और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्रों में-समर्थन के लिए 17 करोड़ 50 लाख डॉलर के 'विशेष आर्थिक पैकेज' की घोषणा की। इसमें 12 करोड़ 50 लाख डालर नामित ऋण सहायता और पांच करोड डॉलर अनुदान सहायता के रूप में होगा।
इसके अलावा दोनों देशों ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में फार्माकोपिया सहयोग पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये। दोनों देशों के मौसम विज्ञान विभागों ने भी प्रौद्योगिकी एवं वैज्ञानिक सहयोग पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। उन्होंने वर्ष 2026 से 2030 के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम पर भी सहमति व्यक्त की है।
दोनों पक्षों ने इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सफल डिजिटल समाधानों के ज्ञान साझा करने के क्षेत्र में डिजिटल परिवर्तन हेतु सहयोग पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये हैं।
भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र और सेशेल्स मौसम विज्ञान प्राधिकरण के बीच महासागर अवलोकन, महासागर सेवाओं, क्षमता निर्माण, डेटा साझा करने तथा समुद्री वैज्ञानिक अनुसंधान के संचालन में तकनीकी सहयोग पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गये हैं।
सेशेल्स के सिविल सेवकों के लिए क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए राष्ट्रीय सुशासन केंद्र और सेशेल्स के लोक सेवा ब्यूरो के बीच समझौता ज्ञापन और भारतीय नेशनल कोऑपरेटिव एक्सपोर्ट्स लिमिटेड और सेशेल्स ट्रेडिंग कॉरपोरेशन के बीच खाद्य पदार्थों की खरीद पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये हैं।
दोनों देशों ने सशक्त संपर्कों के माध्यम से स्थिरता, आर्थिक विकास और सुरक्षा के लिए भारत-सेशेल्स संयुक्त विज़न को अपनाने, भारत द्वारा निःशुल्क आधार पर सेशेल्स तटरक्षक बल के लिए पीएस ज़ोरास्टर का रिफिट करने , भारत की ओर से दस एम्बुलेंस देने, 'विशेष आर्थिक पैकेज' के अंतर्गत 1000 टन अनाज और दालों की आपूर्ति, सेशेल्स रक्षा बल को 10 उपयोगी वाहन और 5 लेज़र रेडियल श्रेणी की नौकाएँ, स्पेयर पार्ट्स सहित, भेंट करने और भारतीय सहायता से सेशेल्स में सेशेल्स हाइड्रोग्राफिक यूनिट की स्थापना की भी घोषणा की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित