मुंबई , फरवरी 17 -- भारत और फ्रांस ने अपनी साझेदारी को "विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी" के रूप में उन्नत करने के साथ-साथ रक्षा और सुरक्षा , प्रौद्योगिकी एवं नवाचार , स्वास्थ्य , महत्वपूर्ण खनिजों तथा स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में अनेक निर्णयों की घोषणा करते हुए कई समझौता ज्ञापनों तथा समझौतों पर हस्ताक्षर किये हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति एनैमुअल मैक्रों के बीच मंगलवार को यहां लोकभवन में द्विपक्षीय वार्ता के बाद इन निर्णयों की घोषणा की गयी तथा समझौतों पर हस्ताक्षर किये गये।

दोनों देशों ने भारत-फ्रांस संबंधों को "विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी" के स्तर तक उन्नत करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। उन्होंने इस उन्नत साझेदारी और फ्रांस के होराइजन 2047 रोडमैप के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा के लिए वार्षिक विदेश मंत्रियों के बीच संवाद की शुरूआत की है। दोनों पक्षों ने प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष की शुरुआत के साथ-साथ भारत-फ्रांस नवाचार नेटवर्क का शुभारंभ किया।

उन्होंने रक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को बढाते हुए कर्नाटक के वेमगल में एच125 हेलीकॉप्टर की असेंबली लाइन का उद्घाटन किया। दोनों देशों नेरक्षा सहयोग समझौते का नवीनीकरण भी किया। इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और सैफरान के बीच भारत में हैमर मिसाइलों के उत्पादन के संयुक्त उद्यम की भी सहमति बनी। साथ ही भारतीय थलसेना और फ्रांसीसी थलसेना प्रतिष्ठानों में अधिकारियों की पारस्परिक तैनाती पर भी सहमति व्यक्त की गयी।

दोनों देशों ने रक्षा सहित महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में संयुक्त उन्नत प्रौद्योगिकी विकास समूह के गठन , महत्वपूर्ण खनिज एवं धातुओं में सहयोग की संयुक्त घोषणा और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) और फ्रांस के सीएनआरएस के बीच उन्नत सामग्रियों पर केंद्र स्थापित करने हेतु आशय पत्र पर भी सहमति व्यक्त की।

भारत और फ्रांस ने अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, नवीकरणीय ऊर्जा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में भारत और फ्रांस के बीच दोहरा कराधान परिहार समझौते में संशोधन प्रोटोकॉल, टी-हब और नॉर्ड फ्रांस के बीच स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र, नवाचार एवं प्रौद्योगिकी में रणनीतिक सहयोग हेतु आशय पत्र की घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित