मुंबई , फरवरी 17 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत और फ्रांस ने लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन और बहुध्रुवीय विश्व में विश्वास जताते हुए वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए वैश्विक संस्थाओं में सुधार पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देश हर तरह के आतंकवाद को जड़ से मिटाने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति को फ़्रांस के लोगों के और नजदीक पहुंचाने के लिए जल्द ही फ़्रांस में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केन्द्र खोला जायेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आज से शुरू हो रही विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी केवल रणनीतिक नहीं है बल्कि उथल पुथल से भरे युग में, यह वैश्विक स्थिरत और वैश्विक प्रगति की साझेदारी है।
श्री मोदी ने मंगलवार को यहां फ्रांस के राष्ट्रपति एनैमुअल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त वक्तव्य में कहा कि भारत और फ्रांस, दोनों, लोकतांत्रिक मूल्यों और बहुध्रुवीय में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश एकमत है कि वैश्विक संस्थाओं में सुधारों से ही वैश्विक चुनौतियों का समाधान निकलेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देश यूक्रेन, पश्चिमी एशिया और हिन्द प्रशांतर क्षेत्र में शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के हर रूप और स्वरूप को जड़ से मिटाना दोनों देशों की साझी प्रतिबद्धता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित