नई दिल्ली , फरवरी 10 -- भारत और चीन ने द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक गति की मंगलवार को यहां समीक्षा की तथा लोगों के बीच संपर्कों को बढ़ाने तथा संवेदनशील मुद्दों पर चिंताओं का समाधान करते हुए इन्हें मजबूत बनाने पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यहां भारत-चीन रणनीतिक संवाद के बाद सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। यह वार्ता विदेश सचिव विक्रम मिस्री और चीन के कार्यकारी विदेश उप मंत्री मा झाओश्यू के बीच हुई। यह बातचीत भारत की अध्यक्षता में आयोजित पहली ब्रिक्स शेरपा बैठक के इतर हुई।

श्री मा झाओश्यू ब्रिक्स शेरपा बैठक में भाग लेने के लिए भारत यात्रा पर हैं। प्रवक्ता के अनुसार दोनों पक्षों ने वैश्विक एवं क्षेत्रीय परिस्थितियों तथा बहुपक्षीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने भी अपनी पोस्ट में कहा कि चीनी मंत्री मा झाओश्यू ने पहली ब्रिक्स शेरपा बैठक में भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित