बेंगलुरु , फरवरी 06 -- रियान पराग (69), नमन धीर (39) और आशुतोष शर्मा (35) की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर भारत ए ने टी-20 विश्वकप से पहले शुक्रवार को खेले गये अभ्यास मैच में नामीबिया के खिलाफ आठ विकेट पर 198 रनों का स्कोर खड़ा किया।
आज यहां भारत ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। भारत ए की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने दूसरे ही ओवर में प्रियांश आर्य (पांच) का विकेट गंवा दिया। अगले ही ओवर में उर्विल पटेल (14) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। इसके बाद नमन धीर और रियान पराग की जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 111 रन जोड़े। 14वें ओवर में एरार्ड इरास्मस ने पहले रियान पराग को आउट किया। रियान पराग ने 39 गेंदों में पांच चौके और छह छक्के लगाते हुए 69 रनों की पारी खेली। इसी ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने नमन धीर 29 गेंदों में (39) को भी अपना शिकार बना लिया। नमन धीर ने अपनी पारी में एक चौका और तीन छक्के लगाये। आशुतोष शर्मा ने 21 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 35 रन बनाये। भारत ए ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 198 रन बनाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित