नयी दिल्ली , फरवरी 03 -- भारत और अमेरिका के बीच व्यापार संबंधी घोषणा को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सांसदों ने मंगलवार को संसदीय दल की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन किया।

इस घोषणा की सराहना करते हुए भाजपा सासंदों ने प्रधानमंत्री का स्वागत 'जय मोदी', 'वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के नारों के साथ किया।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि भारतीय वस्तुओं पर अमेरिका के आयात शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत जायेगा। श्री ट्रंप ने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति 'दोस्ती और सम्मान' का संकेत करार दिया है। श्री मोदी ने कुछ देर बाद एक्स पर इसकी पुष्टि की।

श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और भारत ने 'एक व्यापार समझौते' पर सहमति बनायी है, जिसमें अमेरिका ने पारस्परिक आयात शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया है, यह सब 'प्रधानमंत्री मोदी के प्रति दोस्ती और सम्मान' के कारण किया गया है।

अमेरिका के राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर कहा कि इस समझौते में महत्वपूर्ण आयात शुल्क कटौती शामिल होगी। इसमें यह दावा भी किया गया है कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। इससे पहले श्री ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाया था, जिसमें 25 प्रतिशत रूस से कच्चा तेल आयात करने से जुड़ा था, क्योंकि अमेरिका प्रशासन के अधिकारियों का दावा था कि भारत का रूस से तेल खरीदना रूस के युद्ध प्रयासों का समर्थन है।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया गया। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित थे ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित