चंडीगढ़ , फरवरी 08 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को भारत और पंजाब दोनों के हित में करार देते हुए कहा कि यह समझौता पंजाब के औद्योगिक विकास को गति देगा तथा युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा करेगा।
श्री जाखड़ ने रविवार को यहां एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार ने सावधानीपूर्वक विचार-विमर्श के बाद विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के साथ एक ऐसा समझौता सफलतापूर्वक किया है, जो देश और पंजाब में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा । इससे देश के किसानों, विशेषकर पंजाब के किसानों पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा और पंजाब में उत्पादित सभी फसलों को इस समझौते से बाहर रखा गया है।
प्रदेश अध्यक्ष जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने लंबी बातचीत के बाद इस समझौते को अंतिम रूप दिया, जिसमें सरकार की प्राथमिकता किसानों के हितों की रक्षा करना थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका से गेहूं, चावल, मक्का या पंजाब में उगाई जाने वाली किसी भी फसल का आयात नहीं किया जाएगा। इसी प्रकार डेयरी क्षेत्र की भी इस समझौते में पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के नेताओं को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हित में हुए इस समझौते के लिए सरकार को बधाई देनी चाहिए थी, लेकिन वे रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप सरकार की चुप्पी स्वयं इस बात का प्रमाण है कि यह समझौता लाभकारी है।
एक अन्य मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के निलंबन की कड़ी निंदा की और इसे अत्यंत आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि आईएएस अधिकारी लोकतंत्र की "स्टील फ्रेम" हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग स्वयं दिल्ली में भ्रष्टाचार के मामलों में जेल जा चुके हैं, वे अब पंजाब में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना चाहते हैं, लेकिन इन अधिकारियों ने किसी भी प्रकार के गलत कार्य का समर्थन करने से इनकार कर दिया। उन्होंने गृह मंत्री या प्रशासनिक न्यायाधिकरण से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की, ताकि अधिकारियों पर अवैध कार्य करवाने के लिए दबाव डालने की प्रवृत्ति को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा आप सरकार की इस कार्रवाई की निंदा करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित