नयी दिल्ली , फरवरी 08 -- कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री और दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने रविवार को भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम)) सेक्टर के लिए वरदान बताते हुये कहा कि यह बड़ा अवसर लेकर आया है और इससे भारतीय कारोबारियों को अमेरिकी बाजार में नई संभावनाएं मिलेंगी।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व में हुआ यह समझौता भारत को वैश्विक आर्थिक शक्ति बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार इससे भारत विश्व मंच पर एक आत्मविश्वासी, प्रतिस्पर्धी और भरोसेमंद व्यापारिक भागीदार के रूप में और मजबूत होकर उभरेगा।

श्री खंडेलवाल ने बताया कि समझौते से वस्त्र और परिधान, चमड़ा एवं फुटवियर, रत्न और आभूषण, जेनेरिक दवाइयां, ऑटो मोबाइल और विमान संबंधी पुर्जे, रसायन, प्लास्टिक व रबर उत्पाद, घर की सजावट, हस्तकला तथा प्रौद्योगिकी उत्पाद जैसे अनेक क्षेत्रों को लाभ मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बेहतर बाजार पहुंच और शुल्क में युक्तिसंगत कमी से दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में भारतीय निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और यह समझौता इस क्षेत्र को समयानुकूल प्रोत्साहन देगा। निर्यात बढ़ने से छोटे और मध्यम उद्योग उत्पादन क्षमता बढ़ा सकेंगे, वैश्विक स्तर पर विस्तार कर सकेंगे और युवाओं तथा महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही "मेक इन इंडिया" पहल को भी मजबूती मिलेगी और भारतीय उद्योग वैश्विक वैल्यू चेन से अधिक गहराई से जुड़ पाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित