जयपुर , फरवरी 04 -- इंग्लैंड ने बुधवार को यहां जयपुर में खेले गए अपोलो मिक्स्ड डिसेबिलिटी सीरीज के चौथे टी20 में भारत को चार विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने पांच गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत निरंतर साझेदारियां बनाने में नाकाम रहा और 18.5 ओवरों में 9 विकेट पर 133 रन ही बना सका। मेज़बान टीम के लिए जयेश परमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 33 गेंदों में 59 रन की तेज़तर्रार पारी खेली, जिसमें पांच चौके और पांच छक्के शामिल थे। आकाश सिंह ने 18 गेंदों में 21 रन का योगदान दिया, जबकि विकेटकीपर योगेंद्र भड़ोरिया ने शीर्ष क्रम में 16 रन जोड़े, हालांकि दूसरे छोर से नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण भारत अंतिम ओवरों में रन गति बढ़ाने में सफल नहीं हो सका और टीम कुल 133 रनों की पहुंच सकी।
जवाब में इंग्लैंड की ओर से लियम ओ'ब्रायन ने 41 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाकर जीत की मजबूत नींव रखी। अपनी पारी के दौरान उन्होंने चार चौके और तीन छक्के लगाए। इसके अलावा क्रिस्टोफर एडवर्ड्स ने 21 रन बनाए, जबकि कप्तान कैलम फ्लिन ने 12 रन जोड़कर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
भारत ने अनुशासित गेंदबाज़ी से कुछ समय के लिए दबाव जरूर बनाया, लेकिन निचले क्रम के जॉर्डन विलियम्स ने नाबाद रहते हुए अपनी टीम को 19.1 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर जीत तक पहुंचा दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित