नयी दिल्ली , मार्च 19 -- भारतीय वन्यजीव संस्थान ने 2 से 11 मार्च तक 10वां वन्यजीव संरक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के 15 लोगों को प्रशिक्षित किया।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन के अनुसार मंत्रालय के इस स्वायत्त संस्थान ने 2012 में यह पहल शुरु की और अब तक विभिन्न व्यावसायिक पृष्ठभूमियों से जुड़े कुल 148 प्रतिभागियों को इस पहल के तहत प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
आधिकारिक सूचना के अनुसार वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह विशेष पाठ्यक्रम, देश में वन्यजीव संरक्षण क्षमता को मजबूत करने, वन अधिकारियों, क्षेत्र प्रबंधकों, शोधकर्ताओं और पशु चिकित्सकों के लिए संस्थान द्वारा नियमित रूप से आयोजित व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की श्रृंखला के अतिरिक्त है। यह पाठ्यक्रम वन्यजीव जीव विज्ञान और संरक्षण में कोई औपचारिक प्रशिक्षण या अनुभव न रखने वाले आम लोगों और उत्साही लोगों को वन्यजीव संरक्षण से परिचित कराता है।
इस पाठ्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने सशस्त्र बलों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, आईटी पेशेवरों, वित्त और धन प्रबंधन, कॉरपोरेट जगत, पत्रकारों और मीडियाकर्मियों, पशु चिकित्सकों, शिक्षाविदों, संरक्षण स्वयंसेवकों और छात्रों सहित विभिन्न प्रकार के व्यवसायों का प्रतिनिधित्व किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित