भोपाल , नवंबर 14 -- बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को मिली ऐतिहासिक जीत पर मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को उत्सव का माहौल रहा। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने एक दूसरे को मिष्ठान्न खिलाकर बधाई दी। ढोल-ढमाके, आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण के साथ कार्यकर्ताओं ने जीत का उल्लास मनाया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकासवादी नीतियों के कारण बिहार की जनता ने एनडीए को प्रचंड जीत दिलाई है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार को नकारते हुए एनडीए के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। कांग्रेस सहित विपक्षी दलों को आरोपों की राजनीति छोड़कर अपनी हार पर आत्मचिंतन करना चाहिए।

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि बिहार में एनडीए की जीत राष्ट्रवाद और विकासवाद की जीत है। बिहार की जनता ने कांग्रेस और आरजेडी को नकारकर यह स्पष्ट कर दिया है कि परिवारवादी राजनीति अब स्वीकार्य नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जनता ने सुशासन और विकास पर फिर भरोसा जताया है।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की सरकारों की गरीब कल्याणकारी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने चुनाव में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, तथा मध्यप्रदेश से चुनाव कार्य में जुटे नेताओं और कार्यकर्ताओं के परिश्रम को भी सराहा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को अपना आशीर्वाद दिया है।

उन्होंने विपक्षी दलों से आग्रह किया कि वे अपने नेतृत्व की भूमिका पर पुनर्विचार करें। लगातार हार के बावजूद विपक्ष गलतियों से सीख नहीं ले रहा है। कांग्रेस और इसके नेतृत्व को समझना चाहिए कि जनता बार-बार उन्हें नकार क्यों रही है।

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि ऐतिहासिक विजय के बाद बिहार समेत पूरे देश में उत्सव का वातावरण है। केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और संगठनात्मक रणनीति ने इस जीत को संभव बनाया है। उन्होंने बिहार की जनता और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

विजय उत्सव कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, डॉ. प्रभुराम चौधरी, डॉ. निशांत खरे, प्रदेश महामंत्री लता वानखेडे, राहुल कोठारी, गौरव रणदीवे, प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, अर्चना सिंह, कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का आभार प्रदेश प्रवक्ता नेहा बग्गा ने माना।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित