जांजगीर , नवम्बर 05 -- त्तीसगढ़ के नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित राज्य अलंकरण एवं रजत महोत्सव के समापन समारोह में आज जांजगीर-चांपा जिले की संस्था भारतीय कुष्ठ निवारण संघ, सोठी चांपा को "यति यतनलाल सम्मान 2025" से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था को गौसेवा एवं मानव सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किया गया है।
संस्था वर्ष 1966 से निरंतर कुष्ठ रोगियों के उपचार एवं पुनर्वास कार्य में संलग्न है। इसे सदाशिव गोविन्द कात्रे द्वारा गौसेवा की भावना से प्रारंभ किया गया था। विशेष बात यह है कि यह विश्व का पहला कुष्ठ आश्रम है, जिसे स्वयं एक कुष्ठ पीड़ित व्यक्ति ने स्थापित किया था। आज यह संस्था गौसेवा और मानवता के आदर्श स्वरूप के रूप में पूरे विश्व में ख्याति प्राप्त कर चुकी है।
कात्रे जी के निःस्वार्थ सेवा कार्यों की स्मृति में इस स्थान को 'कात्रे नगर' के नाम से जाना जाता है। संस्था की सेवाओं ने समाज में मानवता, समर्पण और करुणा की प्रेरणा का नया अध्याय लिखा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित