बुलावायो , जनवरी 12 -- अभिज्ञान कुंडु (82), कप्तान आयुष म्हात्रे (49), अमब्रिश (48) और कनिष्क चौहान (नाबाद 45) की जूझारू पारियों के दम पर भारत ने सोमवार को अंडर-19 विश्व कप अभ्यास मुकाबले में इंग्लैंड को जीत के लिए 296 रनों का लक्ष्य दिया।

आज यहां भारतीय अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 295 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (एक) का विकेट गंवा दिया। इसे बाद वेदांत त्रिवेदी (14), विहान मल्होत्रा (10) रन बनाकर आउट हुये। आयुष म्हात्रे ने 40 गेंदों में चार चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 49 रनों की पारी खेली।

एक समय भारत ने 79 के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिये थे। ऐसे संकट के समय अभिज्ञान कुंडु और अमब्रिश ने शानदार जूझारू बल्लेबाजी प्रदर्शन करते हुए पांचवें विकेट के लिए 97 रन जोड़े। 33वें ओवर में जेम्स मिंटो ने अमब्रिश को आउट किया। अमब्रिश ने 61 गेंदों में चार चौके लगाते हुए 48 रन बनाये। हरवंश पंगालिया (19) और अभिज्ञान कुंडु भी मिंटो का शिकार बने। अभिज्ञान कुंडु ने 99 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 88 रनों की पारी खेली। मोहम्मद एनान (एक) का भी मिंटो ने शिकार किया। कनिष्क चौहान में 36 गेंदों में छह चौकों की मदद से नाबाद 45 रन बनाये। खिलन पटेल 11 रन बनाकर नाबाद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित