पटना, अक्टूबर 19 -- प्रधनमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी अपने बिहार चुनाव अभियान की शुरुआत भारतरत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की धरती समस्तीपुर से 24 अक्टूबर को करेंगे।
प्रधानमंत्री श्री मोदी का बिहार में बहुप्रतीक्षित चुनाव अभियान 24 अक्टूबर को समस्तीपुर से शुरू हो रहा है। भारतरत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की धरती समस्तीपुर से चुनाव अभियान शुरू करने के कई मायने हैं। बिहार में जातीय लामबंदी के बीच अचानक सभी राजनीतिक दलों की निगाह अतिपिछड़े मतों पर बढ़ गयी है। प्रदेश में अतिपिछड़े और पिछड़ों की राजनीति के पर्याय माने जाने वाले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की धरती से चुनाव अभियान का आगाज कर प्रधानमंत्री श्री मोदी इस वर्ग को एक संदेश देना चाहते हैं। उनका सीधा निशाना महागठबंधन के ऊपर है। श्री मोदी बताना चाहते हैं कि अपने आप को कर्पूरी ठाकुर का वारिस बताने वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद और केंद्र में उनकी सहयोगी पार्टी कांग्रेस ने श्री ठाकुर की अनदेखी की। दूसरी तरफ राजग की सरकार ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से नवाजा। श्री ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर मोदी मंत्रिमंडल में मंत्री भी हैं।समस्तीपुर के बाद श्री मोदी बेगूसराय जाएंगे और जनसमूह को संबोधित करेंगे।
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के बयान के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी 24 अक्टूबर के बाद 29 अक्टूबर को उनका दुसरा दौर प्रस्तावित है। इस दौरे में प्रधानमंत्री के मुजपफरपुर के साथ छपरा जाने की संभावना है। उसके बाद नवंबर महीने में भी प्रधानमंत्री मोदी का बिहार दौरा 02 और 03 तथा 06 और 07 नवंबर को प्रस्तावित है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए पार्टी का संगठन तैयारियों में जुट गया है। पार्टी ने देश भर के कद्दावर भाजपा नेताओं में से चुन कर 40 लोगों को बिहार में स्टार प्रचारक बनाया है जो पहले ही चुनाव अभियान में उतर गए हैं। भाजपा के नामचीन चेहरों में गृहमंत्री अमित शाह, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय के साथ सांसद और भोजपुरी फिल्म स्टार रवि किशन, मनोज तिवारी सहित अन्य कई नाम प्रचार प्रसार के अखाड़े में उतर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी इस वर्ष बिहार के दौरे पर लगातार आते रहे हैं और जब भी प्रदेश का दौरा करते हैं अपने साथ कल्याणकारी योजनाओं की सौगातों पोटली में भर कर लाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित