राजकोट , फरवरी 16 -- 'अमृत भारत स्टेशन योजना' (एबीएसएस) के अंतर्गत 6.42 करोड़ रुपये की लागत से पश्चिम रेलवे में गुजरात के राजकोट मंडल के भाटीया रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है।
राजकोट मंडल रेल प्रबंधक गिरिराज कुमार मीना ने सोमवार को कहा, "अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भाटीया स्टेशन का यह पुनर्विकास यात्रियों के लिए सुगमता और सम्मानपूर्ण यात्रा का नया मानक स्थापित करेगा। आधुनिक प्रतीक्षालयों में बेहतर बैठने की व्यवस्था, वेंटिलेशन और शांत वातावरण यात्रियों के अनुभव को और अधिक सुखद बनाएगा। आधुनिक सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सुथरे परिसर और सुव्यवस्थित प्रवेश-निकास यात्रियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करेंगे। "श्री मीना ने कहा कि राजकोट रेल मंडल द्वारा यात्रियों के सुखद और सुरक्षित सफर की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की गयी है। अब यह स्टेशन न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस है, बल्कि अपनी नयी भव्य वास्तुकला के साथ सौराष्ट्र की रेल कनेक्टिविटी को नयी ऊंचाई प्रदान कर रहा है।
स्टेशन को पूरी तरह से 'दिव्यांगजन और बुजुर्ग अनुकूल' बनाया गया है। विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया के विकास से स्टेशन परिसर में वाहनों की आवाजाही सुगम और व्यवस्थित होगी। स्टेशन को निम्नलिखित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
नया स्टेशन भवन, 2859.47 वर्ग फुट में फैला आधुनिक भवन है। यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम आवाजाही के लिए 20-20 फुट चौड़े द्वार बनाये गये हैं। स्टेशन पोर्च, 1210 वर्ग फुट का क्षेत्र जो यात्रियों को खराब मौसम से बचाते हुए आरामदायक प्रवेश प्रदान करता है।
विशाल कंकॉर्स, 1810 वर्ग फुट का बड़ा क्षेत्र जहां यात्री बिना किसी भीड़भाड़ के आराम से रुक सकते हैं। प्रतीक्षालय : 2110 वर्ग फुट का क्षेत्र, जो बेहतर वेंटिलेशन और बैठने की आरामदायक व्यवस्था से लैस है। डीलक्स एसी 373 वर्ग फुट के विशाल प्रीमियम रूम, जहां यात्री शांत वातावरण में प्रतीक्षा कर सकते हैं। प्लेटफॉर्म एक से तीन तक 12950 वर्ग फुट का विस्तृत शेड जो यात्रियों को धूप और बारिश से सुरक्षा प्रदान करता है।
विस्तृत पार्किंग क्षेत्र, 3920.15 वर्ग फीट का समर्पित क्षेत्र जो अधिक वाहनों को सुव्यवस्थित तरीके से खड़ा करने की सुविधा देता है। वाहनों के सुगम प्रवाह के लिए 13 फीट चौड़ी अलग लेन बनाई गई है। सर्कुलेटिंग एरिया: स्टेशन परिसर के बाहरी हिस्से का विकास, जिससे वाहनों का आना-जाना व्यवस्थित और जाम-मुक्त हो सके। दिव्यांगजन सुविधाएं, समर्पित पार्किंग स्लॉट, टेक्टाइल टाइल्स, साइनज और हैंड रेल जैसी विशेष सुविधाएं ताकि दिव्यांग यात्रियों को कोई असुविधा न हो।
सुरक्षा के लिए नये विद्युत खंभे और हाई मास्ट लाइट लगायी गयी हैं, जिससे रात में स्टेशन पूरी तरह से रोशन रहे। आधुनिक शौचालय ब्लॉक 1140.56 वर्ग फुट का नया बाथरूम और टॉयलेट कॉम्प्लेक्स जो स्वच्छता और आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। प्लेटफॉर्म सतह सुदृढ़ीकरण: प्लेटफॉर्म की फर्श में सुधार किया गया है, ताकि चलने में फिसलन न हो और सुरक्षा बढ़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित