पटना, मार्च 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने 06 अप्रैल को पार्टी के के स्थापना दिवस को लेकर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बैठक की।
इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया, प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा सहित पार्टी के अन्य सम्मानित पदाधिकारी एवं समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वर्चुअल माध्यम से हुए इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में जिला और मंडल के पदाधिकारी भी जुड़े।
बैठक के दौरान संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। साथ ही स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भव्य, सुव्यवस्थित एवं जनसंपर्क को सुदृढ़ करने के लिए विस्तृत बातचीत हुई।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश श्री सरावगी ने कहा कि देश के कोने-कोने से करोड़ों कार्यकर्ता पार्टी के स्थापना दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं तथा सेवा भाव और राष्ट्र प्रथम के मूलमंत्र को अपनाते हुए कार्य करने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार स्थापना दिवस पर गैर राजनीतिक परिवारों के युवाओं को पार्टी से जोड़ने, पार्टी की नीतियों और उसके कार्यों तक उन तक पहुंचाना हम लोगों का मुख्य फोकस होगा। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसे लेकर जिला, मंडल से लेकर बूथ स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है।
श्री सरावगी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार पार्टी के स्थापना दिवस पर छह अप्रैल से 12 अप्रैल तक भाजपा स्थापना दिवस को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि पांच से सात अप्रैल को पार्टी पदाधिकारी कार्यालय की सजावट करेंगे, छह अप्रैल को विकास यात्रा होगी। कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर भाजपा का ध्वजारोहण करेंगे और उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित