नयी दिल्ली , अक्टूबर 16 -- कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे की पत्नी अनामिका गौतम की संपत्ति में पिछले डेढ़ दशक में भारी वृद्धि होने पर सवाल उठाते हुए कहा है कि 2009 में महज 50 लाख रुपये की संपत्ति की स्वामिनी श्रीमती गौतम 2024 में 31.32 करोड़ रुपये की मालकिन कैसे बनीं इस बारे में उन्हें स्पष्टीकरण देना चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री दुबे की संपत्ति का जो विवरण दिया जा रहा है वह चुनाव आयोग में दिये उनके शपथ पत्र तथा लोकपाल के विवरण के अनुसार है। उनका कहना था कि दुबे दंपत्ति को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए ताकि लोकपाल के कामकाज में पारदर्शिता को लेकर इससे कोई सवाल खड़े नहीं हों।

श्रीमती गौतम की आय का विवरण देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि 2009 में जब श्री दुबे ने पहला चुनावी शपथपत्र भरा था तो उसमें उनकी पत्नी की की संपत्ति करीब 50 लाख रुपए थी और उनके पास कोई अचल संपत्ति नहीं थी लेकिन 2014 में उनकी संपत्ति 50 लाख से बढ़कर 1.3 करोड़ हो गई और तब अचल संपत्ति 5.53 करोड़ थी जो 2009 में कुछ भी नहीं थी। श्री दुबे के पहले पांच साल के संसदीय काल में श्रीमती गौतम साढ़े 6 करोड़ की मालकिन बन गईं और 2019 के चुनाव में श्री दुबे ने जब तीसरा चुनाव लडा और तब उनकी पत्नी की संपत्ति 1.3 करोड़ से बढ़कर 3.72 करोड़ और अचल संपत्ति 9.33 करोड़ हो गई और इस तरह वह कुल 13.06 करोड़ की मालकिन बन गईं।

कांग्रेस प्रवक्ता के अनुसार श्री दुबे ने 2024 के अपने शपथ पत्र में कहा है कि उनकी पत्नी की संपत्ति करीब 29 करोड़ है और अचल संपत्ति 10.66 करोड़ है। इस बीच उनकी पत्नी ने 8.28 करोड़ का कर्ज भी लिया जबकि वह 31.32 करोड़ की मालकिन हैं। उन्होंने कहा कि श्रीमती गौतम की वार्षिक आय में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है। आयकर से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसर साल 2013-14 में उनकी वार्षिक आय करीब 4 लाख रुपए थी लेकिन 2017-18 में यह आय 2.16 करोड़ रुपए हो गई यानि 54 गुना बढ़ गई। कमाल यह है कि श्रीमती गौतम की घोषित आय और संपत्ति में कोई तालमेल ही नहीं है। दूसरा कमाल यह कि जिस व्यक्ति से कर्ज लेने की बात कही गयी है उसका कहना है कि उसने किसी को कर्ज नहीं दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित