लखनऊ, सितम्बर 29 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और भाजपा सरकार के सारे दावे खोखले साबित हो रहे हैं।

श्री यादव ने सोमवार को कहा कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं है और महिला अपराधों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे आगे है। उन्होंने हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मैनपुरी में 11वीं की छात्रा की गला घोटकर हत्या कर दी गई, अंबेडकरनगर में दलित छात्रा का शव खेत में मिला, संतकबीरनगर में कंप्यूटर सेंटर पर काम करने वाली महिला की हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया और लखनऊ के चिनहट में महिला से दुष्कर्म हुआ। "ये घटनाएं सिर्फ उदाहरण हैं, प्रदेश में हर दिन ऐसे अपराध हो रहे हैं।"उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि एन्टी रोमियो स्क्वाड सिर्फ कागजों पर है और सत्ता में आने के बाद इसने समाजवादी सरकार द्वारा शुरू की गई 1090 वूमेन पावर लाइन सेवा को बर्बाद कर दिया।

अखिलेश यादव ने कहा, "भाजपा सरकार अपराधियों पर नियंत्रण करने में विफल है, बल्कि यह अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ बदले की भावना से काम कर रही है। कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और प्रशासनिक मोर्चे पर सरकार पूरी तरह नाकाम है। बढ़ते अपराधों से लोगों में डर और चिंता का माहौल है।" उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा सरकार से ऊब चुकी है और 2027 में इसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित