लखनऊ , जनवरी 09 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है, जबकि महिलाएं और बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार के सभी दावे पूरी तरह झूठे साबित हो चुके हैं।

शुक्रवार को पार्टी की तरफ से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का 'जीरो टॉलरेंस' का वादा अब शून्य में बदल गया है। मेरठ में मां पर जानलेवा हमला और बेटी को उठाकर ले जाने की घटना बेहद गंभीर है, जो प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और अब हालात ऐसे हो गए हैं कि सरकार उनसे पीछे नहीं हट सकती, क्योंकि अपराधी उनके राज खोल देंगे। ऐसी सरकार से जनता को कोई उम्मीद नहीं बची है और यह सरकार पूरी तरह नाकाम हो चुकी है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि महिला अपराध और साइबर क्राइम के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में शीर्ष पर पहुंच गया है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रोजाना महिलाएं हिंसा का शिकार हो रही हैं और हर पंद्रह दिन में दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं। पूरे प्रदेश में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं आम हो गई हैं। झूठे विज्ञापनों और प्रचार से सरकार सच्चाई को छुपा नहीं सकती।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और लूट के कारण अपराध का दायरा लगातार बढ़ता गया है। जो अपराध पहले स्थानीय लगते थे, वे बाद में राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर तक फैलते चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज खत्म नहीं हुआ है, बल्कि उसे संरक्षण और प्रमोशन मिला है। अरबों रुपये की काली कमाई में सत्ताधारी दल की भागीदारी है, इसी कारण जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी अंतिम पारी खेल रही है और 2027 में प्रदेश की जनता उसे सत्ता से बाहर कर देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित