लखनऊ , मार्च 6 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बादी की ओर धकेल दिया है और हत्या, लूट तथा दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर 'जीरो टॉलरेंस' का दावा पूरी तरह झूठा साबित हो चुका है।

श्री यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के कामकाज से परेशान है। सरकार और मुख्यमंत्री झूठे आंकड़ों के सहारे जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी तत्व सत्ता के संरक्षण में बेलगाम हो गए हैं और खुलेआम अपराधों को अंजाम दे रहे हैं।

उन्होने हाल की कई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में परिवहन निगम की अनुबंधित बस के चालक ललई यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी ने सड़क पर ही ललई यादव की गर्दन पर पैर रखकर उसे दबा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित