कोलकाता , मार्च 27 -- अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि चुनाव के बाद सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ जाएंगी।

श्री बनर्जी ने पश्चिम मेदिनीपुर के बिनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "जिस दिन बंगाल में चुनाव खत्म होंगे, मोदी सरकार रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाकर 2,000 रुपये और पेट्रोल-डीजल की कीमत 200 रुपये कर देगी।"तृणमूल नेता ने पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध का जिक्र करते हुए दावा किया कि वैश्विक ऊर्जा बाजारों में व्यवधान ने भारत को पहले ही प्रभावित किया है, जिससे रसोई गैस की कमी और कीमतों में वृद्धि हुई है। उन्होंने चेतावनी दी, "न केवल ईंधन बल्कि यह सरकार चुनाव के बाद सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ाएगी। वे हर बार यही करते हैं।"पार्टी उम्मीदवार बीरबाहा हांसदा के लिए प्रचार करते हुए श्री बनर्जी ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर संविधान को बदलने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो आम लोग अपने अधिकार खो देंगे। यदि आप तृणमूल कांग्रेस के साथ बने रहते हैं, तो हम विकास सुनिश्चित करेंगे।" उन्होंने मतदाताओं से 'धर्म के लिए नहीं, बल्कि काम के लिए मतदान करने' का आग्रह किया।

श्री बनर्जी ने राज्य सरकार द्वारा लागू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला, जिनमें महिलाओं और युवाओं के लिए वित्तीय सहायता पहल शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां राज्य सरकार ऐसी योजनाओं के माध्यम से लोगों की मदद कर रही है, वहीं केंद्र सरकार ईंधन और परिवहन लागत बढ़ाकर उन पर बोझ डाल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित