लखनऊ , फरवरी 01 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में प्रदेश-व्यापी "संविधान संवाद महापंचायत" कार्यक्रम की श्रृंखला के तहत रविवार को लखनऊ के सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नटकुर गांव में तीसरी महापंचायत सम्पन्न हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव-प्रभारी यूपी अविनाश पाण्डेय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारों में योजनाओं के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है और आमजन के हितों की अनदेखी करते हुए क्रोनी कैपिटलिज़्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने मताधिकार के दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि एसआईआर के नाम पर वोट चोरी कर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस सफल नहीं होने देगी। साथ ही उन्होंने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम को भाजपा खत्म कर अपनी मजदूर-विरोधी सोच उजागर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय जमीनें सस्ते दामों पर पूंजीपतियों को दी जा रही हैं जैसे एयरपोर्ट अडानी समूह को और स्कूटर इंडिया की जमीन हिन्दुजा ग्रुप कोलेकिन स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा।

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में उद्योग लगाए गए, रोजगार सृजित हुआ और किसानों के हित में नीतियाँ बनीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जमीनी नेताओं को समर्थन दें, न कि दिखावटी वादों पर भरोसा करें। आयोजक जिला कांग्रेस अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह 'बबलू' ने बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं व नागरिकों का आभार जताया।

महापंचायत में विधायक वीरेन्द्र चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता व बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित