फर्रुखाबाद , मई 09 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा फर्रुखाबाद के जिला प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप जैसे राष्ट्र नायकों को सम्मान देने का कार्य वर्तमान सरकारें कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का कृतित्व और व्यक्तित्व राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और संघर्ष की प्रेरणा देता है। श्री सिंह शनिवार को फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टेशन परिसर में स्थापित करीब 15 फीट ऊंची वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा के डिजिटल अनावरण के उपरांत आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण होना गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप को देश एक राष्ट्र नायक के रूप में सम्मान देता है और जिन लोगों की निष्ठा राष्ट्र तथा भारत की संस्कृति के प्रति है, उनकी आस्था सदैव महाराणा प्रताप जैसे राष्ट्रभक्तों से जुड़ी रहेगी।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश में हर दौर में दो प्रकार की विचारधाराएं रही हैं, एक राष्ट्र प्रेम की और दूसरी राष्ट्रद्रोह की। उन्होंने कहा कि देशद्रोह, गद्दारी और तुष्टीकरण की राजनीति करने वालों की पहचान कर समाज को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने धर्मनिरपेक्षता के नाम पर राष्ट्र नायकों को पीछे धकेलने का कार्य किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्तमान सरकार राष्ट्रभक्तों को उचित सम्मान देने का कार्य कर रही है।

उन्होंने महाराणा प्रताप को देश का गौरव बताते हुए कहा कि उनके संघर्ष और त्याग के मार्ग से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय केवल जाति नहीं बल्कि धर्म है, जो गरीबों और कमजोरों की रक्षा का संदेश देता है।

इस अवसर पर जयवीर सिंह ने फर्रुखाबाद जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में 12.25 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 29.76 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किए जाने की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम को सांसद मुकेश राजपूत, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। मंच पर विधायक सुशील शाक्य, नागेंद्र सिंह राठौर, डॉ. सुरभि, हरदोई विधायक मानवेंद्र प्रताप सिंह रानू, भाजपा नेत्री डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षत्रिय समाज के लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित