टोंक , अप्रैल 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भाजपा कार्यकर्ताओंका 2047 के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में मिलकर कार्य करने का आह्वान करतेहुए कहा है कि आज केंद्र और राज्य सरकारें अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध और यही भाजपा की पहचान हैं।
श्री नवीन सोमवार को यहां वर्चुअल माध्यम से राजस्थान के जिलों में नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय भवनों का लोकार्पण एवं जालोर जिला कार्यालय का शिलान्यास करने के बाद आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है, जो बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्र सेवा के भाव से कार्य करता है। भाजपा आज जिस ऊंचाई पर पहुंची है, वह लाखों कार्यकर्ताओं के परिश्रम, त्याग और समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों ने भाजपा को एक विशाल वटवृक्ष के रूप में विकसित किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी अंत्योदय, राष्ट्रवाद और सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। आज केंद्र और राज्य सरकारें अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यही भाजपा की पहचान है।
श्री नवीन ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे 2047 तक विकसित भारत और विकसित राजस्थान के लक्ष्य को लेकर कार्य करें। यह केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल देश के स्तर पर बल्कि वैश्विक मंच पर भी दिशा देने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि दो सांसदों वाली भाजपा पार्टी आज देश के 21 राज्यों में फैल चुकी और विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गयी हैं। देशभर में 600 से अधिक भाजपा कार्यालय स्थापित हो चुके हैं, जो संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण, विचार-विमर्श और कार्यकर्ता निर्माण के केंद्र बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि कार्यालय केवल भवन नहीं होते, बल्कि यह कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, विचार और संगठन की शक्ति के केंद्र होते हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरती पर आना सदैव गौरव और प्रेरणा का विषय रहा है। यह भूमि शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की परंपराओं से ओतप्रोत रही है। उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि सबसे कम उम्र का विधायक बनने के बाद उन्हें पहली बार सम्मान इसी प्रदेश में मिला था, जिससे यहां उनका विशेष भावनात्मक जुड़ाव भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित