लखनऊ , फ़रवरी 6 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश संगठन में जल्द ही बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पार्टी संगठन में नए और सक्रिय कार्यकर्ताओं को अवसर देने की तैयारी चल रही है। लंबे समय से संगठन में जमे पदाधिकारियों की जगह नए चेहरों को शामिल करने पर गंभीर मंथन किया जा रहा है।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी को लेकर शीर्ष स्तर पर चर्चा तेज है। प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में संगठन को अधिक सक्रिय, संतुलित और चुनावी दृष्टि से मजबूत बनाने की रणनीति पर काम हो रहा है। पार्टी नेतृत्व की मंशा है कि संगठन में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधते हुए ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाए, जिन्होंने जमीनी स्तर पर लगातार काम किया है।
पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि कई ऐसे पदाधिकारी जो लंबे समय से कार्यकारिणी में हैं, उन्हें इस बार बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। उनकी जगह नए लोगों को शामिल कर संगठन में नई ऊर्जा भरने की कोशिश होगी। इसके लिए संभावित नामों की सूची तैयार की जा रही है, जिस पर केंद्रीय नेतृत्व की भी नजर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित