लखनऊ , जनवरी 2 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली की फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन पर दुख व्यक्त किया है और इसे प्रदेश की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा " डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने दिवंगत विधायक को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। दिवंगत पुण्यात्मा को भगवान अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति दें।"डॉ. श्याम बिहारी लाल अपने क्षेत्र में जनसेवा और सरल व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे बरेली में शोक का माहौल है। डॉ. लाल का शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, डॉ. श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल थे, इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। इसके बाद उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित