पटना, नवंबर 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सोमवार को कहा कि विधानसभा में विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी के विधायकों की बैठक 19 नवंबर को सुबह 10:00 बजे होगी।

श्री जायसवाल ने कहा कि केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में विधायक दल की बैठक कल आयोजित की जाएगी, जिसमें भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की मीटिंग में गठबंधन के विधायक दल का नेता चुना जाएगा।

उल्लेखनीय है को आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजपाल को अपना इस्तीफा सौंपते हुए मंत्रिमंडल को भंग करने का प्रस्ताव रखा है। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और नई सरकार के गठन तक उन्हें पद पर बने रहने का आग्रह किया है।

इस नई सरकार स्वरुप को लेकर राजग के घटक दलों की अंदरूनी तथा आपस में बैठक भी जारी है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और बिहार में भाजपा के राजनीतिक मामलों के प्रभारी विनोद तावड़े से राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) एक प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी की मुलाकात भी हुई है। श्री मांझी और श्री कुशवाहा ने 'एक्स' पर पोस्ट कर इसकी पुष्टि भी की है। इससे पहले लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपने विधायक दल के नेता के रूप में राजू तिवारी के नाम की घोषणा की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित