धार , जनवरी 19 -- धार जिले की धरमपुरी विधानसभा से भाजपा विधायक कालूसिंह ठाकुर पर जमीन विवाद के दौरान प्राणघातक हमला होने का मामला सामने आया है। घटना में विधायक के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल धामनोद में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसोदिया में सोमवार को यह घटना हुई। फोरलेन के पास स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पीछे विधायक कालूसिंह ठाकुर का खेत है। विधायक अपने साथियों नारायण सिंगार, नवदीप निंगवाल और गनमेन कैलाश पवार के साथ खेत में चल रहे कार्य को देखने पहुंचे थे।

इसी दौरान खेत के पड़ोसी प्रिन्स उर्फ पिंटू, गेन्दाबाई पति संतोष गिरवाल और रंजु पति शंकर गिरवाल निवासी ग्राम सिरसोदिया मौके पर पहुंचे और जमीन को अपनी बताते हुए विवाद करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने विधायक के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान प्रिन्स ने पत्थर से विधायक के सिर पर वार कर दिया, जिससे खून बहने लगा। अन्य आरोपियों ने थप्पड़-मुक्कों से भी मारपीट की।

घटना के बाद साथियों ने बीच-बचाव कर घायल विधायक को तत्काल शासकीय अस्पताल धामनोद पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। धामनोद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296(ए), 109, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने बताया कि ग्राम सिरसोदिया में घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। विधायक को सिर में चोट आई है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित