नयी दिल्ली/कोच्चि , फरवरी 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार (छह फरवरी) से केरल के दो-दिवसीय दौरे पर रहेंगे।
श्री नवीन का यह दौरा आगामी केरल विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, चुनावी रणनीति की समीक्षा और कार्यकर्ताओं में नयी ऊर्जा के संचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान वे कोच्चि, एर्नाकुलम और त्रिशूर में विभिन्न संगठनात्मक, बौद्धिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद श्री नवीन लगातार देशभर में दौरा कर रहे हैं। तमिलनाडु, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और असम सहित विभिन्न राज्यों में उनके दौरों ने संगठन को नयी गति दी है। बूथ-स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और आम जनता से जुड़ाव उनकी कार्यशैली की पहचान बन चुका है। हालिया तेलंगाना प्रवास में उमड़ी भारी भीड़ और उनके ओजस्वी संबोधन को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ।
श्री नवीन केरल प्रवास के दौरान प्रदेश भाजपा कोर कमेटी, राज्य पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों, शक्ति केंद्र प्रभारियों, एनडीए के घटक दलों तथा बुद्धिजीवियों के साथ बैठकें करेंगे। इन बैठकों में केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए संगठनात्मक रोडमैप, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित