पटना , फ़रवरी 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आगामी 09 फ़रवरी को दो दिवसीय दौरे पर पटना आयेंगे।
श्री नबीन के पटना आगमन और संबंधित कार्यक्रमों की तैयारियों के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की अध्यक्षता में आज पार्टी कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बिहार के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया के अलावा प्रदेश के पदाधिकारी, विभिन्न मंच, मोर्चा, प्रकोष्ठ, मीडिया, सोशल मीडिया और अलग-अलग जिलों से आए पदाधिकारी शामिल हुए।
श्री सरावगी ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नबीन नौ फरवरी को पटना आएंगे और 10 फरवरी को वापस लौट जाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी 09 फ़रवरी को उनके बापू सभागार में प्रस्तावित कार्यक्रम सहित अन्य आगामी आयोजनों की तैयारियों, आपसी समन्वय एवं संगठनात्मक व्यवस्थाओं के बारे में आज की बैठक में विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई।
श्री सरावगी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नबीन अपने दो दिनों के पटना प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद श्री नबीन का यह पहला पटना आगमन है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश में पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि श्री नबीन के आगमन की खबर से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नबीन के स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है और सभी लोगों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। उन्होंने कहा कि श्री नबीन के पटना प्रवास के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों और सफल संचालन के लिए चार सदस्यीय एक टीम गठित की गई है, जिसमें प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा, लाजवंती झा, शिवेश राम और प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभु शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित