रांची , दिसंबर 05 -- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को झारखंड के देवघर पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

उनके साथ गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे भी देवघर आए। नड्डा के आगमन से पहले ही भाजपा के दिग्गज नेता देवघर में जुटने लगे थे।

सुबह से ही देवघर में भाजपा के बड़े नेताओं-पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष अनवर हयात और अन्य वरिष्ठ नेता-की उपस्थिति से माहौल राजनीतिक रूप से गर्म रहा।

देवघर सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेपी नड्डा के पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में झारखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जेपी नड्डा के आगमन से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने संकेत दिया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के देवघर दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण राजनीतिक चर्चाएं संभव हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने से पूरे संथाल परगना के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। वहीं प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि नड्डा के नेतृत्व में होने वाली बैठक संथाल परगना की नई राजनीतिक दिशा तय करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित